मसूरी में 500 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, महिला की मौत, राहत-बचाव जारी
मसूरी, 10 जून (हि.स.)। मसूरी के झड़ीपानी रोड स्थित बार्लोगंज क्षेत्र में बुधवार को एक सड़क हादसे में एक कार अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि अन्य सवारों की तलाश और बचाव कार्य जारी है।
पुलिस के अनुसार सुबह साढ़े नौ बजे के आसपास 112 कंट्रोल रूम के माध्यम से कोतवाली मसूरी को सूचना मिली कि झड़ीपानी रोड पर एक कार गहरी खाई में गिर गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ, फायर सर्विस व 108 एम्बुलेंस को तत्काल मौके पर बुलाया गया।पुलिस,एसडीआरएफ और फायर सर्विस की संयुक्त टीम की ओर से चलाए जा रहे रेस्क्यू अभियान के दौरान अब तक एक महिला का शव खाई से बाहर निकाला गया है।
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार दिल्ली नंबर की मारुति सिलेरियो कार सड़क की तीव्र ढलान पर संभवतः ब्रेक फेल होने के कारण अनियंत्रित हो गई। कार पहले सड़क किनारे खाली प्लॉट से गुजरी और फिर गहरी खाई में जा गिरी। बताया गया कि दुर्घटना से पहले कार सवारों ने पास की एक दुकान से सामान खरीदा था। बातचीत के दौरान उन्होंने उत्तरकाशी से आने की जानकारी दी थी। सामान लेकर कार में बैठते ही वाहन अचानक ढलान की ओर तेजी से बढ़ा और हादसे का शिकार हो गया। कार में सत्यप्रकाश (सोनीपत), मनीत (19 वर्ष), सविता (48 वर्ष) निवासी नेहरू नगर, गाजियाबाद व संगीता (46 वर्ष) निवासी करोलबाग, दिल्ली सवार थे।
प्रथम दृष्टया दुर्घटना का कारण कार के ब्रेक फेल होना माना जा रहा है। पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी मसूरी स्वयं मौके पर मौजूद रहकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। घटना की सूचना वाहन सवारों के परिजनों को दे दी गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय