सड़क दुर्घटना में युवक की मौत
देहरादून, 29 अप्रैल (हि. स.)। देहरादून के सहसपुर क्षेत्र में बुधवार को शिमला बायपास रोड स्थित शेरपुर मोड़ के पास बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार देहरादून से पांवटा साहिब की ओर जा रहे एक एलपी ट्रक ने स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार हिमांशु बंसल (30), निवासी झाझरा, प्रेमनगर की मौके पर ही मृत्यु हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस चौकी सभावाला से टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस ने मृतक के शव को 108 एम्बुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहसपुर भिजवाया। मामले में ट्रक चालक राजेंद्र सिंह (34), निवासी कल्याणपुर, थाना सहसपुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। दुर्घटना में शामिल दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर चौकी सभावाला लाया गया है। पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय