भीरी-ककोला मोटर मार्ग पर कार खाई में गिरी, तीन की मौत

 




रुद्रप्रयाग, 23 अप्रैल (हि.स.)। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में देर रात भीरी-ककोला मोटर मार्ग पर एक कार अनियंत्रित होकर करीब 250 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। वाहन में सवार सभी तीनों व्यक्तियों की मौके पर ही मृत्यु हो गई।

राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) के अनुसार, बुधवार की रात 11:54 बजे हादसे की सूचना मिलते ही अगस्तमुनि पोस्ट से उपनिरीक्षक धर्मेंद्र पवार के नेतृत्व में टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचने पर वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त अवस्था में गहरी खाई में गिरी हुई थी। एसडीआरएफ ने त्वरित राहत एवं बचाव अभियान शुरू करते हुए अब तक एक शव को खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया है, जबकि शेष दो शवों को निकालने का कार्य जारी है। स्थानीय पुलिस और प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान नवीन सिंह (30), निवासी औरिंग, अमित सिंह (35) और अंशुल (28), दोनों निवासी सुरसाल, जनपद रुद्रप्रयाग के रूप में हुई है। प्रशासन ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय