(अपडेट) मोतीचूर फ्लाईओवर हादसे  में दो की मौत, नौ घायल

 




देहरादून, 09 मार्च (हि.स.)। उत्तराखंड के जनपद देहरादून के थाना रायवाला क्षेत्र अंतर्गत मोतीचूर फ्लाईओवर पर रविवार रात हुए हादसे में दो लोगों की मृत्यु हो गई और नौ अन्य घायल हो गए। रोडवेज बस, ट्रैक्टर-ट्रॉली और दो अन्य वाहन हादसे का शिकार हुए। आग लगने से बस और स्कॉर्पियो क्षतिग्रस्त हो गए। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार, देहरादून से हरिद्वार जा रही रोडवेज बस ( यूके- 404 पीए-1678) की फ्लाईओवर पर गॉडविन होटल के सामने एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से टक्कर हो गई। इसी दौरान पीछे से आ रही एक स्कॉर्पियो बस से टकरा गई। स्कॉर्पियो के पीछे चल रहा लोडेड ट्रक ( एचआर-146- ई-0605) और एक्सयूवी 3 एक्स 0 (यूके -07 एचसी-5084) भी आपस में भिड़ गए।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो में लगे सीएनजी सिलेंडर के फटने की आशंका है, जिसके कारण स्कॉर्पियो और रोडवेज बस में आग लगी। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय हरिद्वार भेजा गया। मौके पर चौकी इंचार्ज सपतऋषि और एसपी सिटी हरिद्वार मौजूद रहे। प्रशासन ने ट्रैफिक को सामान्य करवा दिया है। हादसे के कारण हरिद्वार क्षेत्र में भूपतवाला तक लंबा जाम लग गया था। दुर्घटना के शिकार लोगों में झंडा मेला देहरादून से बिजनौर लौट रहे लोग शामिल थे।

दुर्घटना में ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार कुसुम (30) पत्नी सचिन तथा सचिन (40) पुत्र नंदराम, निवासी भोगपुर नजीबाबाद (उत्तर प्रदेश) की मृत्यु हो गई। दोनों झंडा मेला देहरादून से अपने गृह जनपद बिजनौर लौट रहे थे।

घायलों में गुलशन (11), सुभाष (40), विक्की (28), आरव (6), लबी (19), नीतू (35), सोनिया (12), अंशिका (6) और दिव्यांशु (8) शामिल हैं। सभी घायल बिजनौर जनपद के विभिन्न गांवों के निवासी बताए गए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय