ज्योतिर्मठ में बदरीनाथ हाईवे पर टेंपो ट्रैवलर पलटा, महिला यात्री की मौत

 


ज्योतिर्मठ, 05 जून (हि.स.)। बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार को ज्योतिर्मठ के समीप पैनी नामक स्थान पर गाजियाबाद के

श्रद्धालुओं का टेंपो ट्रैवलर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। इस हादसे में एक महिला श्रद्धालु की माैत हाे गई और 16लाेगाें काे मामूली चाेटें आई हैं। राहत एवं बचाव टीम ने घायलाें काे अस्पताल पहुंचाया।

बताया गया कि गाजियाबाद के यात्रियों का एक दल टेंपो ट्रैवलर से बदरीनाथ धाम जा रहा था। ज्योतिर्मठ के समीप पैनी नामक स्थान पर उनका वाहन पलट गया। हादसे के समय वाहन में चालक सहित कुल 18 यात्री सवार थे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं तथा तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। रेस्क्यू टीम ने वाहन में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर 108 एंबुलेंस और अन्य वाहनों की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ज्योतिर्मठ पहुंचाया।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. गौतम कुमार ने बताया कि हादसे में 16 लोगों को हल्की चोटें आई हैं, जबकि 44 वर्षीय महिला आरती की उपचार के दौरान माैत हो गई। अन्य घायलों का उपचार जारी है।

ज्योतिर्मठ के थाना प्रभारी डीएस रावत ने बताया कि गाजियाबाद से आए घायल यात्रियों को एंबुलेंस एवं अन्य साधनों के माध्यम से अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। प्रशासन ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वाहन के अनियंत्रित होने से यह हादसा हुआ।

हिन्दुस्थान समाचार/प्रकाश कपरवाण

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय