नगला इमरती में दर्दनाक सड़क हादसा, तीन की मौत, छह घायल
रुड़की, 27 सितंबर (हि.स.)। कोतवाली सिविल लाइंस क्षेत्र के नगला इमरती के पास शनिवार देर शाम ई-रिक्शा और कार की जोरदार भिड़ंत में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि महिला और बच्चों समेत छह लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार ढंडेरा नगर पंचायत के मिलाप नगर निवासी एक परिवार ई-रिक्शा से लक्सर में शादी समारोह में जा रहा था। नगला इमरती के पास सामने से आ रही कार ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में दिलशाद (32) पुत्र अय्यूब, अरशद (30) पुत्र रईस और 5 वर्षीय उमर पुत्र दिलशाद की मौके पर ही मौत हो गई। शवों को पोस्टमार्टम के लिए रुड़की सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।
हादसे में खातिजा (30) पत्नी दिलशाद, नाजमा पत्नी अरशद, आयत (9), आरम (6), अनस (3) और अमायरा (3) घायल हुए हैं। सभी को रुड़की के विनय विशाल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर रेफर करने की तैयारी है।
सूचना पर ग्रामीण और परिजन अस्पताल पहुंचे। नगला इमरती प्रधान एवं भाजपा नेता रवि राणा ने भी घायलों का हाल जाना। पुलिस ने वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
-----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला