ऋषिकुल एलुमनाई मीट-2026 की तैयारियों को लेकर बैठक
हरिद्वार, 27 जुलाई (हि.स.)। ऋषिकुल स्नातक एवं स्नातकोत्तर एसोसिएशन की कार्यकारिणी बैठक अध्यक्ष प्रोफेसर (डॉ.) वी.के. अग्निहोत्री एवं सचिव डॉ. वेद भूषण शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में एसोसिएशन की गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी 28 एवं 29 नवंबर 2026 को ऋषिकुल राजकीय स्नातकोत्तर आयुर्वेद महाविद्यालय परिसर में आयोजित होने वाले दो दिवसीय राष्ट्रीय एलुमनाई मीट एवं अकादमिक कार्यशाला की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की गई।
सचिव डॉ. वेद भूषण शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम में उद्घाटन समारोह, वैज्ञानिक सत्र, शोध पत्र एवं पोस्टर प्रस्तुति, अग्निकर्म, क्षारसूत्र, रक्तमोक्षण एवं मर्म चिकित्सा के प्रदर्शन, हैंड्स-ऑन वर्कशॉप तथा आयुर्वेद में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे विषयों पर व्याख्यान आयोजित किए जाएंगे। सांस्कृतिक संध्या, एलुमनाई टैलेंट शो व पूर्व छात्रों का सम्मान भी आकर्षण रहेगा।
अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) वी.के. अग्निहोत्री ने बताया कि ऋषिकुल की 105 वर्ष से अधिक पुरानी गौरवशाली विरासत पर प्रदर्शनी, विशिष्ट पूर्व छात्र सम्मान, युवा शोधकर्ता पुरस्कार, लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड, डिजिटल एलुमनाई डायरेक्टरी, हेरिटेज वॉक एवं करियर मेंटरशिप कार्यक्रम प्रस्तावित हैं।
बैठक में आयोजन की विभिन्न समितियों का गठन कर दायित्व सौंपे गए। मीडिया प्रभारी डॉ. अवनीश कुमार उपाध्याय ने बताया कि सभी सदस्यों ने आयोजन को ऐतिहासिक एवं सफल बनाने का संकल्प लिया। बैठक में डॉ. रमेश चंद्र गोयल, डॉ. देवेंद्र शर्मा चमोली, डॉ. नरेश चौधरी, डॉ. प्रेम प्रकाश सतलेवाल, डॉ. टी.के. गर्ग, डॉ. उदय पांडे, डॉ. यादवेंद्र यादव, डॉ. पारुल शर्मा, डॉ. वीरेंद्र कुमार, डॉ. अरुण कुमार, डॉ. अमन गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला