जल जीवन मिशन की योजनाओं में खामियां दूर कर समय पर काम पूरा करें : सोमन्ना
हरिद्वार, 21 अक्टूबर (हि.स.)। केंद्रीय जल शक्ति एवं रेल राज्य मंत्री वी. सोमन्ना ने बुधवार को हरिद्वार के बहादराबाद में प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन इकाई और सुल्तानपुर माजरी पेयजल योजना का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जल जीवन मिशन के कार्यों को समय पर पूरा करने और पेयजल योजनाओं के उचित रखरखाव पर जोर दिया।
मंत्री ने प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन इकाई में कचरे के पृथक्करण, प्रसंस्करण और निस्तारण की प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। सुल्तानपुर माजरी पेयजल योजना के निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्थानीय उपभोक्ताओं से पानी की गुणवत्ता और आपूर्ति के संबंध में जानकारी ली। साथ ही ग्रामीणों से पेयजल योजना के संरक्षण में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की।
उन्होंने अधिकारियों से पेयजल योजनाओं के संचालन से जुड़े कर्मचारियों और ग्राम स्तरीय पेयजल एवं स्वच्छता समितियों को प्रशिक्षण देने को कहा, ताकि योजनाओं का दीर्घकालिक और सुचारु संचालन सुनिश्चित हो सके। भारत सरकार के संयुक्त सचिव डी. सेंथिल पांडियन ने निर्देश दिए कि नई पेयजल योजनाओं को संबंधित विभाग 15 दिन तक संचालित कर उनकी कमियों को दूर करे।
मंत्री ने स्वच्छता कार्यों में इस्तेमाल किए जा रहे वैक्यूम सक्शन वाहन का भी निरीक्षण किया और ग्रामीणों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। इसके बाद डाम कोठी में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने जल जीवन मिशन के कार्यों को निर्धारित समयसीमा में शत-प्रतिशत पूरा करने और योजनाओं के रखरखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रभारी जिलाधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा और जल जीवन मिशन की प्रबंध निदेशक झरना कमठान सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला