डीएम ने माई भारत योजनाओं को घर-घर पहुंचाने के दिए निर्देश
हरिद्वार, 13 जुलाई (हि.स.)। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में मेरा युवा भारत (माई भारत) की वार्षिक कार्ययोजना 2026-27 की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में युवाओं को इंटर्नशिप, नेतृत्व विकास, कौशल प्रशिक्षण, यूथ पार्लियामेंट, स्वयंसेवी गतिविधियों और विभिन्न राष्ट्रीय कार्यक्रमों से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में जिला युवा अधिकारी रोशन कुमार ने माई भारत पोर्टल की कार्यप्रणाली, योजनाओं और आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि यह भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की प्रमुख पहल है। वर्तमान में देशभर के 2.2 करोड़ से अधिक युवा माई भारत पोर्टल पर पंजीकृत हैं और विभिन्न योजनाओं का लाभ उठा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि माई भारत के तहत विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग, विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट, प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना, युवा क्लब विकास अभियान, नशा मुक्त भारत अभियान, सेवा पखवाड़ा, वंदे मातरम् कैंप, व्यावसायिक प्रशिक्षण, अंतर्राज्यीय युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम सहित कई महत्वपूर्ण गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
बैठक में युवाओं के लिए उपलब्ध इंटर्नशिप, रोजगार, कौशल विकास, मेंटरशिप, सीवी बिल्डर, फिट इंडिया गतिविधियां, खेल प्रतियोगिताएं, हैकाथॉन, छात्रवृत्ति और प्रशिक्षण कार्यक्रमों की भी जानकारी साझा की गई।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने निर्देश दिए कि जनपद के प्रत्येक विकासखंड, शिक्षण संस्थान और युवा क्लब में माई भारत कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक युवा इन योजनाओं का लाभ उठा सकें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) जितेंद्र कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी अमित कुमार चंद, जिला समन्वयक एनएसएस डॉ. एस.पी. सिंह, जिला क्रीड़ा अधिकारी रवींद्र भारती, एआरटीओ नेहा झा सहित संबंधित अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला