हरिद्वार में विकास कार्यों की समीक्षा, प्रभारी सचिव बीके संत बोले, जल्द होगी विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति
हरिद्वार, 01 जुलाई (हि.स.)। जनपद हरिद्वार के प्रभारी सचिव बीके संत ने बुधवार को विकास भवन सभागार में विभिन्न विभागों की विकास योजनाओं एवं कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी योजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर आम जनता तक पहुंचे और विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
समीक्षा बैठक में स्वास्थ्य, परिवहन समेत विभिन्न विभागों की योजनाओं और कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। इस दौरान विभागीय अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की और चल रही परियोजनाओं की जानकारी दी। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान प्रभारी सचिव ने जिले में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी पर चिंता व्यक्त की। अधिकारियों ने उन्हें जिले में डॉक्टरों की मौजूदा स्थिति से अवगत कराया। इस पर बीके संत ने कहा कि सरकार विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करने की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि जल्द ही जिले को पर्याप्त संख्या में विशेषज्ञ चिकित्सक उपलब्ध होंगे, जिससे मरीजों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी। बैठक के उपरांत प्रभारी सचिव ने क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) का निरीक्षण भी किया।
प्रभारी सचिव ने अधिकारियों से कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक विभाग बेहतर समन्वय के साथ कार्य करे, ताकि विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंच सके। उन्होंने विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान को प्राथमिकता देने के भी निर्देश दिए।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला