जिला योजना की धनराशि शत-प्रतिशत खर्च करें अधिकारी, मुख्यमंत्री घोषणाओं को दें प्राथमिकता

 


हरिद्वार, 28 सितंबर (हि.स.)। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में विभिन्न विभागों की संचालित योजनाओं, जिला योजना के तहत विकास कार्यों और मुख्यमंत्री घोषणाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की।

डीएम ने जिला योजना के अंतर्गत स्वीकृत सभी विकास कार्यों की धनराशि का शत-प्रतिशत और समयबद्ध उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन विभागों में कार्यों की प्रगति धीमी है, वे तत्काल आवश्यक कदम उठाकर निर्माण एवं अन्य विकास कार्यों में तेजी लाएं। प्रत्येक परियोजना की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए उसकी अद्यतन प्रगति रिपोर्ट भी उपलब्ध कराने को कहा।

बैठक में मुख्यमंत्री द्वारा जनपद के लिए की गई घोषणाओं की विभागवार समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री घोषणाओं के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करते हुए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी ने सभी विभागों को यूकेगेम्स पोर्टल पर अपनी-अपनी विभागीय परिसंपत्तियों का विवरण शीघ्र अपलोड करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनपद की परिसंपत्तियों का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार करना आवश्यक है। इसके लिए सभी विभाग निर्धारित प्रारूप में सही और अद्यतन जानकारी समय से उपलब्ध कराएं।

बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति, निर्माण कार्यों, आधारभूत सुविधाओं, विकास परियोजनाओं सहित अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं की समीक्षा की गई। डीएम ने कहा कि सभी विभाग पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता को प्राथमिकता देते हुए कार्य करें। विकास कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. लालित नारायण मिश्र, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वैभव गुप्ता, अपर जिलाधिकारी प्रशासन जितेंद्र कुमार, जिला विकास अधिकारी कमलेश कुमार पंत, एसीएमओ डॉ. अनिल वर्मा, लोनिवि अधिशासी अभियंता योगेश कुमार, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी नलिनी ध्यानी, जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी, सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला