कांवड़ मेले की भीड़ में बिछड़े बालक को पुलिस ने परिजनों से मिलाया

 


हरिद्वार, 10 अगस्त (हि.स.)। कांवड़ मेले की भारी भीड़ के बीच पुलिस की सतर्कता और मानवीय संवेदनशीलता का एक सराहनीय उदाहरण सामने आया है। मेले के दौरान अपने परिजनों से बिछड़े करीब 12 वर्षीय बालक को पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सकुशल उसके परिजनों से मिला दिया। बेटे के मिलने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिसकर्मी का आभार व्यक्त किया।

जानकारी के अनुसार ग्राम जलालपुर, ग्रेटर नोएडा निवासी रोशन का लगभग 12 वर्षीय पुत्र शिव कांवड़ मेले के दौरान भीड़ में अपने परिजनों से बिछड़ गया था। अचानक परिवार से अलग होने के बाद बालक घबरा गया था। इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात प्रशिक्षु सौरभ चौधरी की नजर बालक पर पड़ी। उन्होंने तत्काल बालक को अपने संरक्षण में लिया और उसे सुरक्षित स्थान पर पहुंचाकर उससे बातचीत की।

प्रशिक्षु सौरभ चौधरी ने बालक से उसका नाम, पिता का नाम, निवास स्थान समेत अन्य आवश्यक जानकारी जुटाई। इसके बाद उन्होंने बालक के परिजनों की तलाश शुरू कर दी। मेले में उमड़ी भारी भीड़ और लगातार बढ़ते श्रद्धालुओं के दबाव के बीच परिजनों को तलाशना आसान नहीं था, लेकिन पुलिसकर्मी ने धैर्य और सूझबूझ का परिचय देते हुए लगातार प्रयास जारी रखे।

लगातार प्रयासों के बाद पुलिस को बालक के पिता रोशन के बारे में जानकारी मिली और संपर्क स्थापित कर उन्हें मौके पर बुलाया गया। बालक को सामने सुरक्षित देखकर पिता की आंखों में राहत साफ नजर आई। लंबे समय से बेटे की तलाश में परेशान परिवार ने उसे सकुशल पाकर पुलिस का धन्यवाद किया।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला