देवरियाताल-चोपता ट्रेक पर रास्ता भटके पांच ट्रैकर्स, सकुशल रेस्क्यू

 


रुद्रप्रयाग, 14 जून (हि.स.)। देवरियाताल-चोपता ट्रेक मार्ग पर जंगल में रास्ता भटकने से फंसे पांच ट्रैकर्स को एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस, डीडीआरएफ की संयुक्त टीम ने सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया है।

रविवार को आपातकालीन सेवा 112 के माध्यम से सूचना मिली कि देवरियाताल से चोपता के बीच ट्रेकिंग के दौरान पांच ट्रैकर्स निर्धारित मार्ग से भटककर घने जंगल क्षेत्र में पहुंच गए हैं। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट अगस्त्यमुनि से उप निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह पवार के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम घटनास्थल के लिए रवाना हुई। स्थानीय पुलिस और डीडीआरएफ की टीमों ने भी अभियान में सहयोग किया। संयुक्त टीमों ने दुर्गम और घने जंगल क्षेत्र में सघन सर्च अभियान चलाकर सभी ट्रैकर्स को सुरक्षित मार्ग से बाहर निकालकर रोड हेड तक पहुंचाया। और उनकी कुशलक्षेम सुनिश्चित करने के बाद जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया। रेस्क्यू किए गए ट्रैकर्स की पहचान अभिजीत कुमार (गोपालगंज, बिहार), साहिल कुमार, पुरुषोत्तम चौधरी, सचिन कुमार और आलोक कुमार के रूप में हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय