रिहायशी इलाके में घुसा गुलदार
हरिद्वार, 18 मार्च (हि.स.)। तीर्थनगरी के रिहायशी क्षेत्रों में वन्यजीवों की आवाजाही बढ़ने के बीच सुभाष नगर कॉलोनी में देर रात एक गुलदार के घुस आने से हड़कंप मच गया। पूरी घटना कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार देर रात सुभाष नगर कॉलोनी की गली नंबर बी-11 में जंगल की ओर से गुलदार आबादी वाले क्षेत्र में पहुंच गया। उस समय अधिकांश लोग अपने घरों में थे। सीसीटीवी फुटेज में गुलदार को गली में काफी देर तक घूमते हुए देखा गया। आशंका है कि वह शिकार की तलाश में या वापस जंगल का रास्ता खोजते हुए यहां पहुंचा था।गली में मौजूद कुत्तों के भौंकने पर गुलदार कुछ देर बाद वापस जंगल की ओर लौट गया। सुबह जब स्थानीय निवासियों ने फुटेज देखी तो पूरे क्षेत्र में भय का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार सुभाष नगर कॉलोनी एक ओर से बीएचईएल परिसर और दूसरी ओर राजाजी नेशनल पार्क के जंगलों से सटी हुई है। पर्याप्त घेराबंदी न होने के कारण अक्सर गुलदार, हाथी सहित अन्य वन्यजीव आबादी वाले क्षेत्रों में पहुंच जाते हैं। क्षेत्रवासियों ने वन विभाग से गश्त बढ़ाने और गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की मांग की है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला