खुशहालपुर में सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई, कई मकान ध्वस्त

 




देहरादून, 05 सितंबर (हि.स.)। पछुवा देहरादून के खुशहालपुर क्षेत्र में सरकारी भूमि पर किए गए कथित अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई की। प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर आधा दर्जन से अधिक अवैध निर्माण ध्वस्त किए। अधिकारियों के अनुसार कार्रवाई की जद में आए कई लोग गोहत्या, मादक पदार्थों की तस्करी और अन्य आपराधिक मामलों में आरोपित या हिस्ट्रीशीटर बताए गए हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार को कुछ ऐसे लोगों के बारे में सूचनाएं मिली थीं, जो अन्य राज्यों से आकर सरकारी भूमि पर कब्जा करने के साथ आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त थे। उन्होंने कहा कि संबंधित लोगों की आपराधिक पृष्ठभूमि और संपत्तियों की जांच के बाद प्रशासन द्वारा विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

जिलाधिकारी आशीष चौहान के निर्देश पर एसडीएम विकासनगर विनोद कुमार के नेतृत्व में भारी पुलिस बल की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। प्रशासन के अनुसार संबंधित संपत्तियों और भूमि संबंधी दस्तावेजों की जांच के बाद पूर्व में नोटिस जारी किए गए थे।

पुलिस के मुताबिक कार्रवाई में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ गोहत्या, मादक पदार्थों की तस्करी, गुंडा एक्ट और सरकारी भूमि पर कब्जे समेत विभिन्न धाराओं में मामले दर्ज हैं।

एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल ने बताया कि कार्रवाई की जद में आए लोग आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे हैं और कुछ के खिलाफ कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

जिलाधिकारी के अनुसार, खुशहालपुर क्षेत्र में आमिर नाम के व्यक्ति के खिलाफ 21 गंभीर मामले दर्ज हैं। प्रशासन ने उसके मकान को ध्वस्त कर सरकारी भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराया। इसी तरह मेहराज के खिलाफ आठ, सलमान के खिलाफ 21, दिलशाद मिर्ची के खिलाफ आठ, मोहसिन के खिलाफ 15, फैजान के खिलाफ 19 और कौसर के खिलाफ मादक पदार्थों से जुड़े दो मामले दर्ज बताए गए हैं। इन लोगों के कथित अवैध निर्माणों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।

प्रशासन का कहना है कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय