उत्तरकाशी के अग्निकांड पीड़ितों की मदद को आगे आया शांतिकुंज परिवार
हरिद्वार, 28 नवंबर (हि.स.)। उत्तरकाशी जिले के मोरी क्षेत्र के पवाणी गांव में हुए भीषण अग्निकांड से प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए शांतिकुंज परिवार आगे आया है। संकट की इस घड़ी में पीड़ितों को राहत और संबल पहुंचाने के उद्देश्य से शांतिकुंज ने करीब 100 प्रभावित परिवारों के लिए आवश्यक सामग्री भेजी है। देव संस्कृति विश्वविद्यालय के उपाध्यक्ष डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने राहत दल को झंडी दिखाकर उत्तरकाशी के लिए रवाना किया।
राहत सामग्री में चावल, आटा, खाद्य तेल, कपड़े, कंबल, तिरपाल सहित दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुएं शामिल हैं। इसके साथ ही बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए कॉपी, पेन, पेंसिल तथा जरूरत की कुछ दवाइयां भी भेजी गई हैं। संस्था की अधिष्ठात्री शैलदीदी से आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन प्राप्त कर सेवा दल रवाना हुआ।
इस अवसर पर डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने कहा कि गायत्री परिवार आपदा और विपदा के समय सेवा, सहयोग और मानवीय संवेदना के साथ जरूरतमंदों के बीच खड़ा रहा है। पवाणी गांव के प्रभावित परिवारों की सहायता का यह प्रयास इसी सेवा परंपरा का हिस्सा है। हमारा प्रयास है कि संकट से जूझ रहे परिवारों को आवश्यक सहायता के साथ मानसिक संबल भी मिले और वे फिर से सामान्य जीवन की ओर लौट सकें। उन्होंने कहा कि दुख की घड़ी में एक-दूसरे का साथ देना ही सच्ची मानवीय संवेदना और सेवा का भाव है।
शांतिकुंज परिवार की यह पहल उन्हें जरूरी सहायता पहुंचाने के साथ यह भरोसा दिलाने का प्रयास है कि संकट की इस घड़ी में वे अकेले नहीं हैं। राहत दल में श्री संतोष कुमार, घनश्याम देवांगन, अरुण, पुन्नुराम सहित 12 सदस्य शामिल हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला