नई खेल नीति में विशेष श्रेणी के खिलाड़ियों के लिए होंगे विशेष प्रावधान : रेखा आर्या
देहरादून, 11 जुलाई (हि.स.)। उत्तराखंड की खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा है कि राज्य सरकार की नई खेल नीति में विशेष श्रेणी (स्पेशल कैटेगरी) के खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास के लिए विशेष प्रावधान किए जाएंगे, ताकि उन्हें बेहतर प्रशिक्षण, सुविधाएं और प्रोत्साहन मिल सके।
खेल मंत्री आर्या ने शनिवार को देहरादून स्थित हिमाद्री आइस रिंक में आयोजित 'स्पेशल ओलंपिक भारत नेशनल चैंपियनशिप फिगर एंड स्पीड स्केटिंग' के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि विशेष श्रेणी के खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने और उन्हें हर संभव मंच उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय प्रतियोगिता में लगभग 11 राज्यों से आए 100 से अधिक खिलाड़ी भाग ले रहे हैं, जिनका उत्साह और जज्बा प्रेरणादायी है। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
खेल मंत्री ने कहा कि विशेष श्रेणी के खिलाड़ियों के सामने सामान्य खिलाड़ियों की अपेक्षा अधिक चुनौतियां होती हैं। शारीरिक और मानसिक बाधाओं को पार कर खेल के उच्च स्तर तक पहुंचना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। ऐसे खिलाड़ियों को विशेष संरक्षण, आधुनिक सुविधाएं और अतिरिक्त प्रोत्साहन की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि अधिकांश राज्यों की खेल नीतियों में विशेष श्रेणी के खिलाड़ियों के लिए अलग से ठोस प्रावधान नहीं हैं, लेकिन उत्तराखंड इस दिशा में नई पहल करेगा। नई खेल नीति में इन खिलाड़ियों के कल्याण,विशेष प्रशिक्षण और आर्थिक सहायता के लिए व्यापक प्रावधान किए जाएंगे।
उहाेंने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ी वर्ष 2029 में होने वाले स्पेशल ओलंपिक वर्ल्ड गेम्स में देश और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार उनकी तैयारियों में हर संभव सहयोग देगी।
इस अवसर पर इंडियन आइस स्केटिंग फेडरेशन के अध्यक्ष अमिताभ शर्मा, स्पेशल ओलंपिक भारत के क्षेत्रीय निदेशक डीबीएस रावत, बोर्ड सदस्य राजेश्वर सहित खेल विभाग के अधिकारी, विभिन्न राज्यों से आए कोच, अभिभावक और खेल प्रेमी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय