संत रविदास घाट निर्माण की मांग, नगर आयुक्त को सौंपा ज्ञापन

 


हरिद्वार, 15 जुलाई (हि.स.)। आगामी कुंभ मेले को देखते हुए संत शिरोमणि गुरु रविदास संप्रदाय साधु समाज समिति के प्रतिनिधि मंडल ने नगर आयुक्त नंदन कुमार को ज्ञापन सौंपकर मां गंगा किनारे संत शिरोमणि गुरु रविदास के नाम पर घाट बनाए जाने की मांग की।

समिति के प्रबंधक राजकुमार डोगर के नेतृत्व में मिले प्रतिनिधि मंडल ने कहा कि गुरु रविदास से जुड़ी अनेक कथाएं मां गंगा से संबंधित हैं। धर्म नगरी हरिद्वार में उनके नाम से कोई घाट, उद्यान या स्मारक नहीं है। देश-दुनिया से उनके अनुयायी प्रतिदिन मां गंगा में स्नान, ध्यान और पूजा करने आते हैं। कुंभ मेले में बड़ी संख्या में संत और अनुयायी आएंगे। ऐसे में उनके सम्मान में रविदास घाट का निर्माण आवश्यक है।

पूर्व कृषि उत्पादन मंडी समिति अध्यक्ष एवं भाजपा नेता संजय चोपड़ा ने इस मांग का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि अनुयायी वर्षों से घाट निर्माण की मांग कर रहे हैं। नगर निगम ने अन्य संस्थाओं को घाटों के रखरखाव की जिम्मेदारी दी है। इसी तर्ज पर रविदास घाट बनाकर अनुयायियों का सम्मान किया जाना न्यायसंगत होगा।

ज्ञापन देने वालों में देवेंद्र सिंह, पाल सिंह, देवेश गुप्ता, टिंकू कुमार, रमेश कोरी, मनीष शर्मा और नेत्रपाल सिंह शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला