भाई के दामाद ने कराई थी रवि की हत्या, मुख्य आरोपित गिरफ्तार
हरिद्वार, 03 मई (हि.स.)। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र के चर्चित रवि हत्याकांड का पुलिस ने बड़ा खुलासा कर दिया है। रवि की हत्या दाे लाेगाें ने डेढ़
लाख रुपये की सुपारी लेकर की थी और यह सुपारी मृतक के भाई के दामाद ने पारिवारिक जमीन विवाद के चलते दी थी। इस हत्याकांड में पुलिसपहले ही दाे काॅन्ट्रेक्ट किलर काे गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस ने रवि हत्या के मुख्य साजिशकर्ता पंकज शर्मा निवासी सीतापुर को शनिवार काे सिडकुल क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि पंकज शर्मा ने अपने ससुर के भाई रवि चौहान (44 वर्ष) की हत्या के लिए डेढ़ लाख रुपये की सुपारी दी थी। इस हत्या को अंजाम देने वाले कॉन्ट्रैक्ट किलर दानिश अली और नदीम को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। वहीं, इस साजिश में शामिल पंकज का भांजा गौतम अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
दरअसल, 17 अप्रैल को मृतक की पत्नी दिव्या चौहान ने ज्वालापुर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके पति अचानक घर से लापता हो गए हैं। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू की, लेकिन 19 अप्रैल को रवि चौहान का शव पथरी पावर हाउस में बरामद हुआ था। शव मिलने के बाद मामला हत्या में बदल गया। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई और जांच एसएसआई हर्ष अरोड़ा को सौंपी गई।
पुलिस की जांच में खुलासा हुआ कि रवि चौहान को उनके भाई ने जमीन तोहफे में दी थी। इसी बात को लेकर पंकज शर्मा नाराज था। विवाद इतना बढ़ा कि उसने अपने भांजे गौतम के साथ मिलकर रवि को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली। दोनों ने दानिश अली और नदीम को 1.5 लाख रुपये में सुपारी दी, जिसमें 40 हजार रुपये पहले और 1.10 लाख रुपये हत्या के बाद दिए गए। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को नहर में फेंक दिया था। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपित के खिलाफ विधिक कार्यवाही कर चालान कर दिया है। एक अन्य फरार आरोपित की तलाश की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला