माता भगवती देवी शर्मा की जन्मशताब्दी पर तीन रथ यात्राएं रवाना
हरिद्वार, 10 नवंबर (हि.स.)। अखिल विश्व गायत्री परिवार की संस्थापिका माता भगवती देवी शर्मा की जन्मशताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में 21 एवं 22 नवंबर को देवसंस्कृति विश्वविद्यालय परिसर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार और जन्मशताब्दी समारोह का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से तीन रथ यात्राएं रवाना की गईं। विधिवत पूजन-वंदन के बाद गायत्री परिजनों ने यात्राओं को विदाई दी।
तीनों रथों में माता भगवती देवी की जन्मभूमि आंवलखेड़ा, कर्मभूमि हरिद्वार और तपोभूमि मथुरा की पावन रज एवं जल रखा गया है। ये रथ यात्राएं उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान के विभिन्न जिलों में भ्रमण करेंगी। यात्रा के दौरान गायत्री परिवार के परिजन स्थानीय स्तर पर कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को जन्मशताब्दी समारोह में सहभागिता के लिए प्रेरित करेंगे।
तीनों यात्राओं के 19 नवंबर तक शांतिकुंज लौटने का कार्यक्रम निर्धारित है। शांतिकुंज से रवाना हुई यात्राओं को व्यवस्थापक योगेंद्र गिरि और पश्चिमोत्तर जोन के समन्वयक वीरेंद्र तिवारी ने झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर गायत्री परिजनों ने विधिवत पूजन कर यात्राओं की सफलता की कामना की।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला