नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने और दुष्कर्म के आरोप में युवक गिरफ्तार
हरिद्वार, 11 सितंबर (हि.स.)। कोतवाली मंगलौर क्षेत्र में 16 वर्षीय नाबालिग को कथित तौर पर बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने और दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। मामले में आरोपित के परिजनों पर भी पीड़ित परिवार के साथ गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित के परिजन की ओर से कोतवाली मंगलौर में तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि आरोपित युवक उनकी 16 वर्षीय बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और दुष्कर्म किया। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि घटना के संबंध में आरोपित युवक के परिजनों ने पीड़ित परिवार के साथ गाली-गलौज की और उन्हें जान से मारने की धमकी दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने संबंधित धाराओं और पॉक्सो अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने संभावित ठिकानों पर दबिश देते हुए आरोपित युवक को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपित की पहचान सायन पुत्र तनवीर, निवासी मोहल्ला किला, मंगलौर के रूप में हुई है। पुलिस ने विधिक कार्यवाही करते हुए आरोपित का चालान कर दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला