रामनगर-दून के बीच पहली एक्सप्रेस ट्रेन को मंजूरी, सप्ताह में दो दिन चलेगी

 


-पर्यटन, तीर्थाटन, शिक्षा और व्यापार को मिलेगा बढ़ावा,छह जिलों के यात्रियों को होगा लाभ

देहरादून, 17 जुलाई (हि.स.)। रेल मंत्रालय ने उत्तराखंड के रामनगर और देहरादून के बीच नई द्विसाप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन (15310/15309) के संचालन को मंजूरी दे दी है। यह रामनगर और देहरादून के बीच चलने वाली पहली एक्सप्रेस ट्रेन होगी, जिससे कुमाऊं और गढ़वाल के बीच रेल संपर्क और मजबूत होगा।

नई एक्सप्रेस ट्रेन प्रत्येक बुधवार और शुक्रवार को सुबह 5:50 बजे रामनगर से रवाना होकर दोपहर 12:40 बजे देहरादून पहुंचेगी। वापसी में उसी दिन दोपहर 3:55 बजे देहरादून से प्रस्थान कर रात 11:30 बजे रामनगर पहुंचेगी। मार्ग में ट्रेन काशीपुर, रोशनपुर, पीपलसाना, मुरादाबाद, नजीबाबाद और हरिद्वार स्टेशनों पर ठहरेगी।

रेल मंत्रालय के अनुसार इस ट्रेन के संचालन से उत्तराखंड के नैनीताल, ऊधम सिंह नगर, हरिद्वार और देहरादून तथा उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद और बिजनौर जिलों के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। छात्रों, किसानों, व्यापारियों और अन्य यात्रियों के लिए आवागमन आसान होगा। साथ ही राजधानी देहरादून और हरिद्वार की यात्रा कर उसी दिन वापसी की सुविधा भी उपलब्ध होगी।

रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस के संचालन से जिम कॉर्बेट राष्ट्रीय उद्यान आने वाले पर्यटकों और वन्यजीव प्रेमियों को बेहतर रेल सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही रामनगर स्थित प्रसिद्ध गिरिजा देवी मंदिर तथा सीतामढ़ी (सीतावनी) जैसे धार्मिक एवं पौराणिक स्थलों तक श्रद्धालुओं की पहुंच भी आसान होगी। हरिद्वार और देहरादून के माध्यम से बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री सहित चारधाम यात्रा पर जाने वाले यात्रियों को भी इस नई रेल सेवा का लाभ मिलेगा, जिससे पर्यटन और तीर्थाटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेन में वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी (एसी-2),वातानुकूलित तृतीय श्रेणी (एसी-3), वातानुकूलित चेयर कार,शयनयान, द्वितीय श्रेणी चेयर कार और सामान्य द्वितीय श्रेणी के कोच लगाए जाएंगे।

रेल मंत्रालय ने बताया कि क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही मांग और सांसद अनिल बलूनी के प्रयासों को ध्यान में रखते हुए इस नई एक्सप्रेस ट्रेन के संचालन को स्वीकृति दी गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय