शहरी विकास और पर्यावरण संतुलन पर रहेगा विशेष फोकस: राम सिंह कैड़ा
देहरादून, 04 अप्रैल (हि.स.)। नव नियुक्त कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने शनिवार को विधानसभा परिसर स्थित अपने शासकीय कक्ष का वैदिक विधि-विधान एवं मंत्रोच्चार के बीच विधिवत शुभारंभ किया। इस मौके पर मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा। शहरी क्षेत्रों में सुनियोजित एवं पर्यावरण अनुकूल विकास को प्राथमिकता दी जाएगी।
उद्घाटन कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी भूषण, उत्तराखंड सफाई आयोग के अध्यक्ष भगवत प्रसाद मकवाना, अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष मुकेश कुमार और पूर्व विधायक पूरण फर्त्याल सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सभी ने मंत्री कैड़ा को नए दायित्वों के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
इस अवसर पर मंत्री कैड़ा ने कहा कि तेजी से बढ़ते शहरीकरण के बीच आधुनिक आधारभूत संरचना का विकास, जल संसाधनों का संरक्षण और जलवायु परिवर्तन से उत्पन्न चुनौतियों का समाधान सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अपने दायित्व को जनता के विश्वास का प्रतीक बताते हुए इसे पूरी निष्ठा से निभाने की बात कही। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण एवं जलागम प्रबंधन के माध्यम से पर्वतीय और ग्रामीण क्षेत्रों में जल संकट के समाधान के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाते हुए दीर्घकालिक योजनाएं तैयार की जाएंगी।
राम सिंह कैड़ा को राज्य सरकार में शहरी विकास, जलागम प्रबंधन एवं जलवायु परिवर्तन जैसे महत्वपूर्ण विभागों का दायित्व सौंपा गया है। ये विभाग राज्य के सतत विकास के दृष्टिकोण से अहम माने जाते हैं।
----------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय