राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण पर विपक्ष के आरोप 'घड़ियाली आंसू': महेंद्र भट्ट
देहरादून, 26 जून (हि.स.)। उत्तराखंड भाजपा अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण को लेकर विपक्ष के आरोपों को शुक्रवार को 'घड़ियाली आंसू' करार देते हुए कहा कि सरकार ने मामले में त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई की है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि इस मामले में विशेष जांच दल (एसआईटी) की रिपोर्ट निर्धारित समय से पहले सामने आई, जिसके बाद 48 घंटे के भीतर प्राथमिकी दर्ज की गई और 24 घंटे के अंदर आरोपितों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की गई। यह त्वरित कार्रवाई सरकार की नीयत और जनआस्था के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष का उद्देश्य सनातन समाज की एकजुटता को कमजोर करना और हिंदू आस्था को ठेस पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए यह राजनीति नहीं, बल्कि प्रभु राम के प्रति आस्था और श्रद्धालुओं के विश्वास का विषय है।
महेंद्र भट्ट ने कहा कि भाजपा सरकार सनातन धर्म से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतेगी और जांच पूरी निष्पक्षता के साथ जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय