केवी में स्वच्छता पखवाड़े के तहत चलाया स्वच्छता अभियान

 


पौड़ी गढ़वाल, 08 सितंबर (हि.स.)। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय पौड़ी में 15 दिवसीय स्वच्छता पखवाड़ा उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। पखवाड़े की शुरुआत विद्यालय परिसर में स्वच्छता शपथ के साथ हुई, जिसमें प्राचार्या अनीता बिष्ट, शिक्षक-शिक्षिकाओं और विद्यार्थियों ने स्वच्छता को जीवन का हिस्सा बनाने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।

मंगलवार को पखवाड़े के तहत विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने स्वच्छता रैली निकाली। प्राचार्या अनीता बिष्ट ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली में विद्यार्थियों ने आसपास के क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने अभियान चलाकर क्षेत्र में साफ-सफाई भी की। पखवाड़े के दौरान विद्यार्थियों के लिए कविता, कहानी वाचन, भाषण, स्लोगन लेखन और निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं।

इसके अलावा व्यक्तिगत स्वच्छता, हाथ धुलाई और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने वाली विभिन्न गतिविधियां भी कराई जा रही हैं। रैली में वरिष्ठ शिक्षक नरेश, बीरेंद्र सिंह नेगी और खेल प्रशिक्षक अक्षय रावत मौजूद रहे। प्राचार्या अनीता बिष्ट ने कहा कि स्वच्छता पखवाड़े का उद्देश्य विद्यार्थियों में बचपन से ही स्वच्छता को संस्कार के रूप में विकसित करना है। कहा कि स्वच्छ विद्यालय और स्वच्छ समाज के निर्माण में बच्चों की भूमिका महत्वपूर्ण है। पखवाड़े में विद्यालय के सभी विद्यार्थी उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह