रक्षाबंधन पर महिलाओं को धामी सरकार की सौगात, 28-29 अगस्त को रोडवेज बसों में निशुल्क यात्रा

 


देहरादून, 19 अगस्त (हि.स.)। रक्षाबंधन के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश की महिलाओं को बड़ी सौगात दी है। राज्य की महिलाएं 28 और 29 अगस्त को उत्तराखंड के भीतर उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में निशुल्क यात्रा कर सकेंगी। दोनों दिनों में महिलाओं को बस किराये में 100 प्रतिशत छूट दी जाएगी।

इस संबंध में उत्तराखंड शासन ने आदेश जारी कर उत्तराखंड परिवहन निगम को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। शासनादेश के मुताबिक, रक्षाबंधन के अवसर पर 28 और 29 अगस्त को निगम की बसों में यात्रा करने वाली महिलाओं से कोई किराया नहीं लिया जाएगा।

रक्षाबंधन पर बड़ी संख्या में महिलाएं अपने मायके और परिजनों से मिलने के लिए आवागमन करती हैं। सरकार के इस निर्णय से उन्हें सार्वजनिक परिवहन में निशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी और पर्व के दौरान आवागमन भी सुगम होगा।

शासनादेश में अपर सचिव रीना जोशी ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं को निशुल्क यात्रा की सुविधा दिए जाने से उत्तराखंड परिवहन निगम पर पड़ने वाले व्ययभार की प्रतिपूर्ति राज्य सरकार करेगी। परिवहन विभाग ने निगम को शासनादेश के अनुरूप तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

सरकार के इस फैसले को रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं को आर्थिक राहत देने और उनके आवागमन को सुगम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय