पौड़ी में उल्लास और उमंग के साथ मनाया गया रक्षाबंधन

 

पौड़ी गढ़वाल, 28 अगस्त (हि.स.)। भाई-बहन के अटूट प्रेम, विश्वास और स्नेह का पर्व रक्षाबंधन शुक्रवार को पौड़ी में उल्लास और उमंग के साथ मनाया गया। सुबह से ही घर-आंगन से लेकर बाजारों तक पर्व की रौनक दिखाई दी।

बहनों ने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर आरती उतारी और उनकी कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर सुख, समृद्धि एवं दीर्घायु की कामना की। भाइयों ने भी बहनों को उपहार देकर हर परिस्थिति में उनके साथ खड़े रहने का संकल्प लिया।

रक्षाबंधन को लेकर पौड़ी के बाजार रंग-बिरंगी राखियों और मिठाइयों से सजे नजर आए। सुबह से ही राखी, मिठाई और उपहार की दुकानों पर लोगों की आवाजाही बनी रही। बहनों ने अपनी पसंद की राखियां खरीदीं, जबकि भाइयों ने भी बहनों के लिए उपहार और मिठाइयों की खरीदारी की। बाजारों में दिनभर चहल-पहल रहने से शहर का माहौल उत्सवमय बना रहा।

नौकरी और पढ़ाई के सिलसिले में घर से दूर रहने वाले कई भाई-बहन भी रक्षाबंधन पर अपने परिवारों के बीच पहुंचे। लंबे समय बाद हुई मुलाकात ने पर्व की खुशियों को और बढ़ा दिया। घरों में पूजा-अर्चना के बाद राखी बांधने और मिठाई खिलाने का सिलसिला चलता रहा।

पर्व को लेकर बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में खासा उत्साह दिखाई दिया। पौड़ी शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक दिनभर भाई-बहन के रिश्ते में प्रेम, विश्वास, अपनत्व और जिम्मेदारी की भावना देखने को मिली। रक्षाबंधन ने परिवारों में आपसी स्नेह और रिश्तों की गर्माहट को और मजबूत किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह