राखी एवं व्हाइट डे समारोह हर्षोल्लास से मनाया

 


देहरादून, 28 अगस्त (हि.स.)। रक्षाबंधन के अवसर पर एडिफाई वर्ल्ड स्कूल में राखी एवं व्हाइट डे समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों में हिस्सा लेकर भाई-बहन के प्रेम, आपसी स्नेह और सौहार्द का संदेश दिया।

कक्षा एक से सात तक के विद्यार्थियों के लिए राखी निर्माण गतिविधि आयोजित की गई। बच्चों ने रंग-बिरंगे धागों, मोतियों, रिबन और अन्य सजावटी सामग्री से आकर्षक राखियां तैयार कीं। इस गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों को रचनात्मकता और सूक्ष्म कौशल विकसित करने के साथ ‘करके सीखने’ का अवसर मिला।

नर्सरी,एलकेजी और यूकेजी के नन्हे विद्यार्थियों ने भी उत्साह के साथ समारोह में भाग लिया। उन्होंने राखी से जुड़ी कविताएं प्रस्तुत कीं, एक-दूसरे को तिलक लगाया और भाईचारे के प्रतीक के रूप में राखियां बांधीं। मिठाइयों के वितरण से बच्चों का उत्साह और बढ़ गया।

विद्यालय के निदेशक एडवोकेट डॉ. पंकज होलकर और प्रधानाचार्य प्रदीप गौड़ ने विद्यार्थियों, अभिभावकों और विद्यालय परिवार को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के रिश्ते का पर्व नहीं, बल्कि प्रेम, विश्वास, सुरक्षा और सम्मान का प्रतीक है। ऐसे आयोजन बच्चों को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय