कावड़ मेले में राज्य कर विभाग की कार्रवाई, नौ प्रतिष्ठानों में पकड़ी टैक्स चोरी

 

हरिद्वार, 01 अगस्त (हि.स.)।कांवड़ मेला के दौरान राजस्व सुरक्षा और संवर्धन के लिए राज्य कर विभाग ने शनिवार को विशेष जांच अभियान चलाया। अभियान का उद्देश्य व्यापारियों को ग्राहकों को बिल जारी करने के प्रति जागरूक करना था।

आयुक्त प्रतीक जैन के निर्देश पर 15 अधिकारियों की टीम ने हर की पैड़ी, अपर रोड़ और मोती बाजार सहित प्रमुख बाजारों में कई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। जांच में 9 प्रतिष्ठानों में टैक्स चोरी पाई गई। विभाग के अनुसार व्यापारी ग्राहकों को बिल नहीं दे रहे थे और वास्तविक बिक्री को कम दर्शाकर देय कर का अपवंचन कर रहे थे। विस्तृत जांच के बाद सभी के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

संयुक्त आयुक्त हरिद्वार संजीव सोलंकी ने बताया कि कांवड़ मेला चरम पर है और बड़ी संख्या में श्रद्धालु खरीदारी कर रहे हैं। इसे देखते हुए विभाग मैनुअल और आईटी आधारित सूचना संकलन से रेस्टोरेंट, होटल और कर योग्य वस्तुओं की बिक्री वाली फर्मों की निगरानी कर रहा है। निरीक्षण के दौरान टीम ने व्यापारियों से हर ग्राहक को पक्का बिल देने की अपील की।

अभियान में उपायुक्त दीपक कुमार, अर्जुन सिंह राणा, संजीव त्रिपाठी, नेहा मिश्रा, सहायक आयुक्त राजेश कुमार सिंह, सीमा आर्य, डॉ. प्रियंका, सुनील रावत, वसुधा अग्रवाल, शिवपाल सिंह, राज्य कर अधिकारी सोमपाल सिंह, जवाहर सिंह, शशांक शाह, सुरेंद्र सिंह, विपिन कुमार मौजूद रहे। विभाग ने कहा कि मेले की समाप्ति तक ऐसे अभियान जारी रहेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला