कांग्रेस ने मनाई पूर्व पीएम राजीव गांधी की जयंती, सूचना क्रांति और पंचायती राज में उनके योगदान को किया याद

 


देहरादून, 20 अगस्त (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न राजीव गांधी की जयंती पर उन्हें श्रद्धापूर्वक याद किया। प्रदेश कांग्रेस सेवादल के तत्वावधान में राजीव भवन में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।

प्रदेश कांग्रेस सेवादल की अध्यक्ष हेमा पुरोहित की अध्यक्षता में आयोजित गोष्ठी का संचालन प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने किया। इस अवसर पर सेवादल की ओर से राजीव गांधी के कार्यों और उपलब्धियों पर प्रदर्शनी भी लगाई गई। इससे पहले कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।

गोष्ठी में प्रदेश कांग्रेस महामंत्री संगठन राजेंद्र सिंह भंडारी ने राजीव गांधी को सूचना क्रांति का जनक बताते हुए कहा कि उन्होंने भारत को आधुनिक और सक्षम राष्ट्र बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने संविधान संशोधन के माध्यम से पंचायती राज संस्थाओं को मजबूत करने, युवाओं को 18 वर्ष की आयु में मतदान का अधिकार देने और लोकतांत्रिक व्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए।

सेवादल अध्यक्ष हेमा पुरोहित ने कहा कि राजीव गांधी ने भारत को 21वीं सदी में ले जाने का सपना देखा था। उन्होंने कहा कि सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भारत की आज की स्थिति में राजीव गांधी की दूरदर्शी सोच का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने पंचायतों की स्वायत्तता और मजबूती के लिए भी महत्वपूर्ण कार्य किए।

उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने देश की एकता और अखंडता के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया। उनके सपनों के मजबूत भारत के निर्माण में योगदान देना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री संगठन राजेंद्र सिंह भंडारी, राजेंद्र शाह, विनोद चौहान, सोनिया आनंद, सुजाता पॉल, नीरज त्यागी, हेमा पुरोहित, महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी, डॉ. प्रतिमा सिंह समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

--

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय