भाजपा ने दिनेश आर्य को उत्तराखंड से राज्यसभा उम्मीदवार बनाया
देहरादून, 04 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उत्तराखंड से राज्यसभा द्विवार्षिक चुनाव-2026 के लिए दिनेश आर्य को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने रविवार को उम्मीदवारों की सूची जारी कर उत्तराखंड से आर्य के नाम पर मुहर लगाई।
नैनीताल-हल्द्वानी क्षेत्र से आने वाले दिनेश आर्य लंबे समय से भाजपा संगठन में सक्रिय रहे हैं। उन्होंने पार्टी में विभिन्न संगठनात्मक जिम्मेदारियां संभाली हैं और नैनीताल क्षेत्र की राजनीति में भी सक्रिय रहे हैं। वह भाजपा के जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालने के साथ ही विधानसभा चुनावों में पार्टी के संभावित दावेदारों में भी शामिल रहे हैं।
2 फरवरी 1968 को जन्मे आर्य का संबंध नैनीताल जिले से है। उन्होंने कुमाऊं विश्वविद्यालय, नैनीताल से शिक्षा प्राप्त की है। दिसंबर 2023 में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार ने दिनेश आर्य को राज्य स्तरीय पेयजल अनुश्रवण परिषद का उपाध्यक्ष नियुक्त किया था। उन्हें दर्जा राज्यमंत्री दिया गया था।
भाजपा की ओर से उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद अब आर्य के राज्यसभा पहुंचने की राह साफ हुई है। उत्तराखंड में राज्यसभा की एक सीट के लिए द्विवार्षिक चुनाव होना है। मौजूदा राज्यसभा सदस्य नरेश बंसल का कार्यकाल नवंबर में समाप्त हो रहा है। उत्तराखंड विधानसभा में भाजपा के पास स्पष्ट बहुमत है। ऐसे में पार्टी के घोषित उम्मीदवार की जीत की संभावना मजबूत मानी जा रही है। हालांकि औपचारिक परिणाम निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय