शिक्षा निदेशक प्रकरण में रायपुर विधायक काउ ने मांगी सार्वजनिक माफी
देहरादून, 25 फ़रवरी (हि.स.)। प्राथमिक शिक्षा निदेशक अजय नौडियाल के साथ हुई मारपीट के मामले में रायपुर विधायक उमेश शर्मा काउ ने आज भाजपा महानगर कार्यालय में पत्रकारों के सामने सार्वजनिक रूप से माफी मांग
ली है।
बुधवार काे महानगर पार्टी कार्यालय में एक पत्रकार वार्ता के दौरान विधायक काउ ने कहा कि जो कुछ भी हुआ, उसके लिए वह शर्मिंदा हैं और ऐसा नहीं होना चाहिए था। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह शिक्षा निदेशक से किसी प्रकार का विवाद करने नहीं गए थे, बल्कि अपने विधानसभा क्षेत्र के उस स्कूल के संबंध में बातचीत करने पहुंचे थे, जो बंद होने की कगार पर है। उनका कहना था कि वह बच्चों के हित में स्कूल को बंद होने से बचाने की मांग लेकर गए थे, लेकिन परिस्थितियां अचानक ऐसी बन गईं, जिससे पूरा घटनाक्रम घटित हुआ। उन्होंने यह भी कहा कि वह इस मामले को और अधिक तूल नहीं देना चाहते, इसलिए सार्वजनिक रूप से माफी मांग रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल