उत्तराखंड में बारिश से 80 सड़कें बंद, दून समेत कई क्षेत्रों में मौसम सुहाना

 




देहरादून, 15 जुलाई (हि.स.)। उत्तराखंड में मानसून के सक्रिय रहने से एक ओर जहां देहरादून समेत राज्य के कई हिस्सों में बुधवार शाम झमाझम बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली, वहीं दूसरी ओर भूस्खलन और मलबा आने से प्रदेश में 80 सड़कें अब भी बंद हैं।

राज्य आपदा प्रबंधन विभाग (एसआरएमडी) की बुधवार शाम की रिपोर्ट के अनुसार दिनभर में 181 सड़कें बाधित हुई थीं, जिनमें से 101 को खोल दिया गया, जबकि 80 मार्गों पर यातायात बहाल नहीं हो सका। बंद मार्गों में एक राष्ट्रीय राजमार्ग, पांच अन्य प्रमुख सड़कें और 74 ग्रामीण मार्ग शामिल हैं। मार्गों को खोलने के लिए विभिन्न एजेंसियों की 715 मशीनें लगाई गई हैं।

सर्वाधिक 19 सड़कें पिथौरागढ़ जिले में बंद हैं। इसके अलावा पौड़ी में 15, उत्तरकाशी में 11, नैनीताल में नौ, चमोली में सात, देहरादून में पांच, अल्मोड़ा और बागेश्वर में चार-चार, टिहरी में तीन, रुद्रप्रयाग में दो तथा ऊधमसिंह नगर में एक सड़क अवरुद्ध है। हरिद्वार और चम्पावत में सभी मार्ग सुचारु हैं।

बंद प्रमुख मार्गों में ऋषिकेश-धरासू-बड़कोट-फूलचट्टी (यमुनोत्री) राष्ट्रीय राजमार्ग भी शामिल है, जो पिछले छह दिनों से विभिन्न स्थानों पर भूस्खलन और मलबा आने के कारण बाधित है। इसके अलावा कई जिलों के ग्रामीण संपर्क मार्ग भी बंद हैं।

इस बीच, बुधवार शाम देहरादून सहित राज्य के कई हिस्सों में हुई तेज बारिश से मौसम सुहावना हो गया। पिछले तीन दिनों से उमस और तेज धूप से परेशान लोगों को राहत मिली। बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई और वातावरण में ठंडक घुल गई। हालांकि, कई स्थानों पर जलभराव के कारण यातायात प्रभावित हुआ। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में रुक-रुक कर बारिश जारी रहने तथा पर्वतीय इलाकों में कहीं-कहीं भारी वर्षा की संभावना जताते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय