बारिश से नैनीताल में जनजीवन प्रभावित,सात मोटर मार्ग बंद

 


हल्द्वानी में 50 मिमी वर्षा,नैनीताल-हल्द्वानी मार्ग पर चट्टान गिरने से यातायात बाधित

नैनीताल, 30 अगस्त (हि.स.)। शनिवार के बाद रविवार को भी हुई बारिश से नैनीताल में जनजीवन प्रभावित रहा। जिले में औसतन 12.66 मिमी और नैनीताल मुख्यालय में 13 मिमी वर्षा दर्ज की गई। हल्द्वानी में सर्वाधिक 50 मिमी बारिश हुई। बारिश के कारण मलबा आने से जिले के सात मोटर मार्ग यातायात के लिए बंद हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार फतेहपुर-भाखड़ा,रातीघाट-बुधलाकोट,छीड़ाखान-अधौड़ा,स्यूड़ा-ककोड़, पतलोट-पश्यागांव, खनस्यूं-टांडा और बरेली-अल्मोड़ा मोटर मार्ग मलबा आने के कारण बंद रहे। संबंधित विभागों द्वारा मार्गों को खोलने का कार्य किया जा रहा है।

नैनीताल-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग पर दोगांव के समीप भेड़िया पखांड़ के पास रविवार सुबह करीब सात बजे भारी चट्टान सड़क पर आ गिरी। इससे मार्ग पर काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा। हालांकि बाद में चट्टान हटाकर मार्ग को आवागमन के लिए खोल दिया गया।

बारिश के कारण स्थानीय लोगों के साथ ही पर्यटकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद रक्षाबंधन और सप्ताहांत के चलते सरोवरनगरी में बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचे और प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लिया। पर्यटकों की बढ़ी संख्या के कारण नैनीताल-हल्द्वानी मार्ग पर दोगांव के अलावा भुजियाघाट से काठगोदाम के बीच करीब पांच किलोमीटर क्षेत्र में लंबा जाम लगा रहा।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार नैनीताल में अधिकतम तापमान 25 और न्यूनतम 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सप्ताहांत के कारण सुबह से ही नगर में अन्य दिनों की अपेक्षा पर्यटकों की आवाजाही अधिक रही, लेकिन लगातार बारिश के चलते उनकी गतिविधियां प्रभावित हुईं।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी