दून रेलवे स्टेशन पर रेल जन संवाद,यात्रियों को स्वच्छता के प्रति किया जागरूक

 




देहरादून, 09 अक्टूबर (हि.स.)। स्वच्छता पखवाड़ा-2026 और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन अभियान के तहत शुक्रवार को देहरादून रेलवे स्टेशन पर ‘रेल जन संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें यात्रियों को एकल उपयोग प्लास्टिक के दुष्प्रभावों और कचरे के उचित पृथक्करण के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही, स्टेशन पर यात्री सुविधाओं में सुधार के लिए उनसे सुझाव भी लिए गए।

मुरादाबाद मंडल के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में यात्रियों को एकल उपयोग प्लास्टिक से बचने और पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। उन्हें कचरे के उचित निस्तारण और चार प्रकार के कूड़ेदानों के उपयोग की जानकारी भी दी गई।

रेलवे की ओर से यात्रियों से स्टेशन परिसर में कचरा निर्धारित कूड़ेदानों में डालने और स्वच्छता बनाए रखने की अपील की गई। इस दौरान यात्रियों से स्टेशन पर उपलब्ध सुविधाओं को लेकर उनकी प्रतिक्रियाएं और सुझाव प्राप्त किए गए।

रेलवे के अनुसार, यात्रियों से मिले सुझावों का उद्देश्य उनकी आवश्यकताओं को समझना और सुविधाओं में सुधार करना है। मुरादाबाद मंडल ने यात्रियों से रेलवे परिसर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय