प्रतिबंधित एनालॉग पनीर बनाने की फैक्ट्री पर छापा, दो क्विंटल पनीर नष्ट
हरिद्वार, 04 अक्टूबर (हि.स.)। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने रुड़की ब्लॉक के नन्हेड़ा अनेतपुर में पनीर निर्माण इकाई पर छापेमारी कर प्रतिबंधित एनालॉग पनीर के निर्माण का खुलासा किया। टीम ने मौके से करीब दो क्विंटल सेमी प्रोसेस्ड पनीर, 20 किलो पामोलीन ऑयल और 30 किलो स्किम्ड मिल्क पाउडर बरामद किया। कार्रवाई के दौरान करीब दो क्विंटल सेमी प्रोसेस्ड पनीर और 20 किलो पामोलीन ऑयल को नष्ट कराया गया, जबकि स्किम्ड मिल्क पाउडर को सीज कर दिया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने 3 अक्टूबर की रात उपायुक्त गढ़वाल मंडल आरएस रावत के नेतृत्व में नन्हेड़ा अनेतपुर स्थित पनीर निर्माण इकाई में सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा महिमानंद जोशी, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन व पवन कुमार तथा एसपी देहात अभय प्रताप सिंह के सहयोग से उपलब्ध पुलिस बल के साथ छापेमारी की गई।
जांच के दौरान पनीर निर्माता आजाद पुत्र ईसाक को प्रतिबंधित एनालॉग पनीर का निर्माण, संग्रह और विक्रय करते पाया गया। मौके पर दो टीनों में करीब 20 किलो पामोलीन ऑयल और 30 किलो स्किम्ड मिल्क पाउडर मिला। विभाग के अनुसार पूछताछ में निर्माता ने पामोलीन ऑयल और स्किम्ड मिल्क पाउडर से पनीर तैयार करने तथा इसे 240 रुपये प्रति किलो की दर से बाजार में बेचने की बात स्वीकार की।
विभाग ने प्रतिबंधित खाद्य पदार्थ के निर्माण के चलते पनीर निर्माण इकाई को अग्रिम आदेश तक बंद करा दिया है। निर्माता के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इसके अलावा खुले पनीर, पामोलीन ऑयल और स्किम्ड मिल्क पाउडर के तीन विधिक नमूने लेकर जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला रुद्रपुर भेजे गए हैं।
कार्रवाई में एडीपीओ सत्यपाल सिंह, कांस्टेबल सुधीर कुमार, योगेंद्र सिंह, परीक्षित, सोनू पुरी तथा महिला कांस्टेबल रोमा और निर्मला शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला