डिजाइनर हुक्कों की आड़ में चल रहा था खेल
हरिद्वार, 15 सितंबर (हि.स.)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर होटल, ढाबे, रेस्टोरेंट, कैफे और अन्य प्रतिष्ठानों में चलाए जा रहे औचक चेकिंग एवं सत्यापन अभियान के तहत कोतवाली गंगनहर रूड़की पुलिस ने एक हुक्का बार में छापा मारकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जांच के दौरान बार के संचालन को लेकर कई अनियमितताएं सामने आईं।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर प्रतिष्ठान के दस्तावेज और रिकॉर्ड खंगाले। जांच में सामने आया कि कथित हुक्का बार का संचालन बिना वैध लाइसेंस के किया जा रहा था। वहां कार्यरत कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन भी नहीं कराया गया था।
पुलिस के अनुसार संचालक फहीम कुरेशी पुत्र तस्लीम कुरेशी निवासी रामपुर चुंगी का पुलिस अधिनियम के तहत 10 हजार का चालान किया गया।कार्रवाई के दौरान पुलिस ने होटल, ढाबा, बार और अन्य प्रतिष्ठानों के संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बिना वैध लाइसेंस के किसी भी प्रकार का बार संचालित न किया जाए। साथ ही बिना वैध पहचान पत्र के किसी व्यक्ति को ठहराने और बिना पुलिस सत्यापन के कर्मचारियों को नियुक्त करने पर भी कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रतिष्ठानों पर निगरानी जारी रहेगी और दोबारा किसी तरह की अनियमितता सामने आने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला