वंदे भारत एक्सप्रेस में घुस रहा था 10 फीट लंबा अजगर, रेल कर्मचारियों की नजर पड़ते ही मचा हड़कंप
हरिद्वार, 20 अगस्त (हि.स.)। हरिद्वार रेलवे स्टेशन की वाशिंग लाइन में मेंटेनेंस के लिए खड़ी वंदे भारत एक्सप्रेस के पास करीब 10 फीट लंबा अजगर दिखाई देने से हड़कंप मच गया। अजगर ट्रेन के नीचे से निकलकर कोच के आसपास पहुंच गया था और ट्रेन के अंदर घुसने की कोशिश कर रहा था।
गनीमत रही कि समय रहते वाशिंग लाइन में काम कर रहे रेल कर्मचारियों की नजर उस पर पड़ गई। कर्मचारियों ने सूझबूझ दिखाते हुए खुद अजगर को पकड़ने के बजाय तत्काल वन विभाग को सूचना दी।
जानकारी के मुताबिक, देहरादून से संचालित होने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस अपने निर्धारित शेड्यूल के तहत गुरुवार सुबह करीब नौ बजे हरिद्वार रेलवे स्टेशन की वाशिंग लाइन पहुंची थी। यहां ट्रेन की साफ-सफाई, तकनीकी जांच और अन्य जरूरी मेंटेनेंस कार्य किए जा रहे थे। ट्रेन को शाम करीब छह बजे हरिद्वार से देहरादून के लिए रवाना होना था।
इसी दौरान दोपहर करीब 12 बजे वाशिंग लाइन में काम कर रहे कर्मचारियों की नजर ट्रेन के नीचे और कोच के आसपास घूम रहे एक विशालकाय अजगर पर पड़ी। करीब 10 फीट लंबे अजगर को ट्रेन की बोगी के पास लटका हुआ देखकर कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। अजगर धीरे-धीरे ट्रेन के अंदर प्रवेश करने की कोशिश कर रहा था।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रेल कर्मचारियों ने तत्काल हरिद्वार वन विभाग को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही हरिद्वार रेंज की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। वन दारोगा आरती पंत, फॉरेस्ट गार्ड राहुल और वनकर्मी लाखन ने सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद वन विभाग की टीम ने अजगर को सुरक्षित काबू में लिया। इसके बाद उसे ट्रेन और रेलवे परिसर से दूर ले जाकर सुरक्षित प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया। रेस्क्यू के दौरान रेलवे कर्मचारियों और वन विभाग की टीम ने विशेष सावधानी बरती, ताकि अजगर को किसी तरह की चोट न पहुंचे।
समय रहते दिखी नजर, टला बड़ा खतरा
रेल कर्मचारियों की सतर्कता के चलते अजगर ट्रेन के कोच में प्रवेश करने से पहले ही पकड़ लिया गया। यदि वह ट्रेन के अंदर पहुंच जाता तो यात्रियों के लिए परेशानी और भय की स्थिति पैदा हो सकती थी। खासकर ट्रेन के रवाना होने के बाद उसके किसी कोच में दिखाई देने पर यात्रियों के बीच अफरा-तफरी की स्थिति बन सकती थी।
हरिद्वार रेंज के अधिकारी शीशपाल सिंह ने बताया कि रेलवे की वाशिंग लाइन में ट्रेन के नीचे अजगर मिलने की सूचना प्राप्त होते ही रेस्क्यू टीम को मौके पर भेजा गया। टीम ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद अजगर को सुरक्षित रेस्क्यू किया और उसे सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया।
उन्होंने लोगों से अपील की कि आबादी या किसी सार्वजनिक स्थान पर वन्यजीव दिखाई देने पर उसे खुद पकड़ने या भगाने का प्रयास न करें। इसकी सूचना तत्काल वन विभाग को दें, ताकि प्रशिक्षित टीम मौके पर पहुंचकर वन्यजीव को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू कर सके।
मानसून में बढ़ी वन्यजीवों की आवाजाही
मानसून के दौरान हरिद्वार और आसपास के वन क्षेत्रों से वन्यजीवों के आबादी वाले इलाकों में पहुंचने की घटनाएं सामने आती रहती हैं। बारिश और जलभराव के कारण कई बार सांप और अन्य वन्यजीव सुरक्षित स्थान की तलाश में रिहायशी क्षेत्रों, परिसरों और सार्वजनिक स्थानों तक पहुंच जाते हैं।
वन विभाग की ओर से लोगों से सतर्क रहने और वन्यजीव दिखाई देने पर दूरी बनाए रखने की अपील की जा रही है। विभाग का कहना है कि वन्यजीवों को नुकसान पहुंचाए बिना उनका सुरक्षित रेस्क्यू करना ही प्राथमिकता है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला