शुद्धिकरण पर कांग्रेस मुद्दाविहीन होकर तुष्टिकरण की राजनीति कर रही: धामी
देहरादून, 29 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुद्धिकरण पर शनिवार को कांग्रेस पर मुद्दाविहीन होकर तुष्टिकरण की राजनीति करने और वोटों के लिए गलत नैरेटिव गढ़ने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि हल्द्वानी के धार्मिक कार्यक्रम से जुड़े मामले को जातीय रंग देकर समाज को बांटने का प्रयास नहीं किया जाना चाहिए।
श्री धामी ने कहा कि हल्द्वानी के रामलीला मैदान में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम के दौरान एक धर्म विशेष के लोगों की ओर से धार्मिक नारे लगाए गए। कार्यक्रम के बाद वहां फैली गंदगी की सफाई और शुद्धिकरण एक धार्मिक संगठन की ओर से किया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि संबंधित स्वयंसेवी संस्था का भारतीय जनता पार्टी से कोई लेना-देना नहीं है।
मुख्यमंत्री ने कहा,'उत्तराखंड की संस्कृति जाति-पाति और भेदभाव की नहीं,बल्कि सभी को आत्मसात करने की रही है।’उन्होंने कांग्रेस से इस मामले को बेवजह जातीय रंग नहीं देने और समाज को बांटने का प्रयास नहीं करने को कहा।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के संदर्भ में धामी ने कहा कि उत्तराखंड की जनता उनका सम्मान करती है और वह एक वरिष्ठ एवं सम्मानित नेता हैं। उन्होंने कहा कि यह बात समझ से परे है कि कांग्रेस इस तरह के मुद्दों को किस आधार पर जातीय रंग देने का प्रयास कर रही है।
धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ‘सबका साथ,सबका विकास और सबका विश्वास’की भावना के साथ काम कर रही है,जबकि कांग्रेस वोटों के लिए गलत नैरेटिव गढ़ने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने कांग्रेस के पुराने राजनीतिक इतिहास का जिक्र करते हुए कहा कि सीताराम केसरी,बाबू जगजीवन राम और डॉ.भीमराव आंबेडकर के साथ कांग्रेस के व्यवहार को पूरा देश देख चुका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस को समाज को बांटने के बजाय सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे को मजबूत करने की दिशा में काम करना चाहिए।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय