हर सोमवार होगी जनता की सुनवाई, डीएम ने अधिकारियों को दिए निर्देश

 


हरिद्वार, 25 मई (हि.स.)। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में जनपदवासियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से जुड़ी कुल 60 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 28 का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को शीघ्र कार्रवाई के लिए भेजा गया। जनसुनवाई में राजस्व, भूमि विवाद, अतिक्रमण, विद्युत, जलभराव, पेयजल और जल निकासी जैसी समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और संवेदनशीलता के साथ निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने यह भी निर्देश दिए कि जिन मामलों में स्थलीय निरीक्षण आवश्यक है, वहां संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ मौके पर जाकर समस्या का समाधान करें।

बैठक में सीएम हेल्पलाइन में दर्ज लंबित शिकायतों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि 36 दिनों से अधिक समय से लंबित शिकायतों का तत्काल निस्तारण किया जाए।

समीक्षा के दौरान बताया गया कि एल-1 स्तर पर 566 और एल-2 स्तर पर 128 शिकायतें लंबित हैं। इस पर डीएम ने संबंधित अधिकारियों को सख्त हिदायत देते हुए शिकायतकर्ताओं से सीधे फोन पर संपर्क कर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. लालित नारायण मिश्र, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वैभव गुप्ता, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अनिल वर्मा, जिला पूर्ति अधिकारी मुकेश पाल, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत सहित कई जिला स्तरीय अधिकारी और विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला