जनसुनवाई में 90 शिकायतें दर्ज, मौके पर 55 का निस्तारण
हरिद्वार, 02 नवंबर (हि.स.)। जनपदवासियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से सोमवार को जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विभिन्न विभागों से संबंधित 90 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 55 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को त्वरित कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया।
जनसुनवाई में राजस्व, भूमि विवाद, विद्युत, अतिक्रमण, जलभराव, पेयजल और राशन कार्ड समेत विभिन्न समस्याएं उठाई गईं। समाजसेवी नितिन यादव ने भागीरथी बिंदु से गीताकुटीर तक गंगा पटरी मार्ग का निर्माण और सौंदर्यीकरण कराने का अनुरोध किया। वहीं, भूपतवाला पीठ बाजार के व्यापारी नितिन यादव ने पिछले 25 वर्षों से संचालित पीठ बाजार की व्यवस्था सुधारने और इसके लिए अन्य भूमि उपलब्ध कराने की मांग उठाई।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों की भी समीक्षा की गई। सीडीओ डॉ. ललित नारायण मिश्र ने अधिकारियों को शिकायतों का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए 36 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों का तत्काल निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। सीएम हेल्पलाइन में एल-1 स्तर पर 524 और एल-2 स्तर पर 134 शिकायतें लंबित बताई गयीं।
बैठक में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचंद्र सेठ, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) जितेंद्र कुमार, सीएमओ डॉ. आरके सिंह, उप जिलाधिकारी हरिद्वार योगेश मेहरा, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत महेश कुमार बिश्नोई, जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र उत्तम कुमार तिवारी, जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत, जिला प्रोबेशन अधिकारी अविनाश भदौरिया, अधिशासी अभियंता यूपीसीएल दीपक सैनी सहित अन्य अधिकारी व फरियादी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला