जनसुनवाई में 32 का मौके पर निस्तारण

 


हरिद्वार, 04 मई (हि.स.)। जनपदवासियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जनसुनवाई कार्यक्रम में 32 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया।

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से जुड़ी 55 शिकायतें तथा ऑनलाइन माध्यम से 15 शिकायतें दर्ज की गईं। इस प्रकार कुल 70 मामलों में से 32 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को शीघ्र कार्रवाई के लिए भेजा गया।

जनसुनवाई में राजस्व, भूमि विवाद, विद्युत आपूर्ति, राशन, अतिक्रमण, जलभराव और पेयजल जैसी समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं। कई शिकायतकर्ताओं ने व्यक्तिगत और सामूहिक समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही या शिथिलता बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, जिन मामलों में स्थलीय निरीक्षण आवश्यक है, उनमें विभागीय समन्वय के साथ मौके पर जाकर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि 36 दिनों से अधिक लंबित शिकायतों का तत्काल निस्तारण किया जाए। वर्तमान में एल-1 स्तर पर 591 और एल-2 स्तर पर 111 शिकायतें लंबित हैं, जिनके शीघ्र समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। साथ ही, शिकायतकर्ताओं से फोन के माध्यम से संवाद स्थापित करने को भी कहा गया।

बैठक में अपर जिलाधिकारी पी.आर. चौहान, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.के. सिंह, उप जिलाधिकारी, जिला विकास अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में फरियादी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला