मुख्यमंत्री ने प्रदेशभर से आए लोगों की सुनीं समस्याएं, त्वरित निस्तारण के निर्देश
देहरादून, 25 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्यसेवक सदन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जनसमस्याओं का त्वरित और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान लोगों ने सड़क, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य, शिक्षा, भूमि संबंधी मामलों, आर्थिक सहायता, पेंशन और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याएं मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारियों को संबंधित विभागों से समन्वय कर समस्याओं का शीघ्र निस्तारण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी आमजन की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता और तत्परता से कार्य करें, ताकि लोगों को समाधान के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
मुख्यमंत्री ने दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाले लोगों की समस्याओं पर विशेष ध्यान देने तथा शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के साथ अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ‘धन्य धन्य धामी जी’ गीत और उसके पोस्टर का विमोचन भी किया। गीत को निर्मल अनुरागी और अंजलि अनुरागी ने स्वर दिए हैं, जबकि इसका संगीत निर्देशन रणजीत सिंह ने किया है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय