जनसुनवाई में 56 शिकायतें दर्ज, 26 का मौके पर समाधान, बाकी पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश
हरिद्वार, 27 अप्रैल (हि.स.)। जनपदवासियों की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में साप्ताहिक जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने की। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 56 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 26 का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को शीघ्र निस्तारण हेतु प्रेषित किया गया।
जनसुनवाई में 36 शिकायतें सीधे उपस्थित फरियादियों द्वारा दर्ज कराई गईं, जबकि 20 शिकायतें ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त हुईं। कार्यक्रम में राजस्व, भूमि विवाद, विद्युत, राशन, अतिक्रमण, जलभराव और पेयजल जैसी समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं। जनपद में पहली बार मिनी सचिवालयों के माध्यम से भी ग्रामीणों की समस्याएं
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का निस्तारण समयबद्ध और प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि जिन मामलों में स्थलीय निरीक्षण आवश्यक है, वहां संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ मौके पर जाकर समस्या का समाधान सुनिश्चित करें।
बैठक के दौरान सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि 36 दिनों से अधिक लंबित शिकायतों का तत्काल निस्तारण किया जाए। वर्तमान में एल-1 स्तर पर 421 और एल-2 स्तर पर 110 शिकायतें लंबित हैं। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे शिकायतकर्ताओं से फोन के माध्यम से संवाद कर समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा, अपर जिलाधिकारी पी आर चौहान, मुख्य चिकित्साधिकारी आर के सिंह, जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश, उप जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, जिला पंचायतराज अधिकारी अतुल प्रताप सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में फरियादी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला