यूपीसीएल की अनियमितताओं के विरोध में जन अधिकार पार्टी का प्रदर्शन

 


हरिद्वार, 08 अक्टूबर (हि.स.)। जन अधिकार पार्टी जनशक्ति ने यूपीसीएल की कथित जनविरोधी नीतियों और विभागीय अनियमितताओं के विरोध में गुरुवार को रोशनाबाद स्थित यूपीसीएल के मुख्य अभियंता कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया। पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव हेमा भंडारी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक पीएस ध्यानी का पुतला दहन किया। इसके बाद जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर विभिन्न मामलों की जांच और कार्रवाई की मांग की गई।

हेमा भंडारी ने आरोप लगाया कि हरिद्वार में बिजली विभाग की कार्यप्रणाली से आम उपभोक्ता परेशान हैं। उन्होंने कहा कि बिजली बिलों में अधिक सरचार्ज, अघोषित बिजली कटौती और कथित अवैध छापेमारी को लेकर लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं। इन समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर पार्टी लगातार आवाज उठा रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि हरिद्वार में तैनात एसडीओ अनीता सैनी करीब 20 वर्षों से एक ही क्षेत्र में कार्यरत हैं। उन्होंने इसे स्थानांतरण अधिनियम के प्रावधानों के विपरीत बताते हुए मामले की जांच की मांग की। साथ ही लाइनमैन इरफान की बहाली प्रक्रिया को लेकर भी सवाल उठाते हुए जांच की मांग की।

पार्टी ने ज्ञापन में बिलों में सरचार्ज के नाम पर कथित अतिरिक्त वसूली रोकने, अघोषित बिजली कटौती बंद करने, कथित अवैध छापेमारी पर रोक लगाने, लंबे समय से एक ही क्षेत्र में तैनात अधिकारियों के स्थानांतरण और लाइनमैन की बहाली प्रक्रिया की जांच की मांग की। पार्टी का आरोप है कि पूर्व में प्रबंध निदेशक, यूपीसीएल देहरादून को शिकायतें दिए जाने के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई।

जन अधिकार पार्टी जनशक्ति ने पूरे प्रकरण की विभागीय जांच कराकर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई तथा संबंधित अधिकारियों के तत्काल स्थानांतरण की मांग की।प्रदर्शन में प्रदेश सचिव कुर्बान अली, प्रवक्ता जमाल अख्तर, मुस्तकीन, शाहरुख समेत दर्जनों कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला