पेट्रोल की बोतल लेकर झूला पुल के पिलर पर चढ़े मस्ताड़ी के पूर्व प्रधान
उत्तरकाशी, 28 नवंबर (हि.स.)। उत्तरकाशी के मस्ताड़ी गांव के विस्थापन समेत तीन सूत्रीय मांगों को लेकर शनिवार को एक पूर्व प्रधान पेट्रोल से भरी बोतल लेकर जोशियाड़ा स्थित झूला पुल के पिलर पर चढ़ गए। करीब छह घंटे तक चले घटनाक्रम से प्रशासन और पुलिस में हड़कंप मचा रहा। पूर्व प्रधान के समर्थन में पहुंचे बाड़ागड्डी क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने उत्तरकाशी-लंबगांव मोटर मार्ग पर धरना देकर जाम लगा दिया। बाद में प्रशासन के साथ वार्ता और आश्वासन के बाद जाम खोल दिया गया।
जानकारी के अनुसार, शनिवार को मस्ताड़ी गांव के पूर्व प्रधान सत्यनारायण सिंह सेमवाल अपनी मांगों को लेकर पेट्रोल से भरी बोतल के साथ जोशियाड़ा स्थित झूला पुल के पिलर पर चढ़ गए। वह करीब छह घंटे तक पिलर पर बैठे रहे। सूचना मिलने पर एसडीएम शालिनी नेगी, सीओ जगदीश पंत, कोतवाल दीपक नौटियाल सहित प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और उन्हें समझाने का प्रयास किया।
इसी दौरान पूर्व प्रधान के समर्थन में पहुंचे बाड़ागड्डी क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने गांव के विस्थापन, मोक्ष घाट और सड़क निर्माण की मांग को लेकर उत्तरकाशी-लंबगांव मोटर मार्ग पर जाम लगा दिया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी प्रशांत आर्य और पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय भी मौके पर पहुंचे।
प्रशासन और ग्रामीणों के बीच हुई वार्ता में इंद्रावती नदी पर बाढ़ सुरक्षा कार्य तथा इंद्रावती मोक्ष घाट एवं स्नान घाट से संबंधित कार्यों की स्वीकृति के लिए आवश्यक प्रयास करने पर सहमति बनी। इस कार्य में पूर्व प्रधान सत्यनारायण सिंह सेमवाल प्रशासन को आवश्यक सहयोग देंगे।
इसके अलावा हरि महाराज स्नान घाट के निर्माण के लिए सिंचाई विभाग को एस्टीमेट उपलब्ध कराने के निर्देश देने तथा मस्ताड़ी गांव के विस्थापन के मुद्दे पर ग्राम स्तर पर बैठक आयोजित कर चर्चा करने पर सहमति बनी। इसके बाद स्थानीय लोगों ने सड़क से जाम हटा लिया।
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेन्द्र नौटियाल