फाटो और हाथीडंगर पर्यटन जोन खोलने की मांग
रामनगर, 24 जुलाई (हि.स.)। तराई पश्चिमी वन प्रभाग के फाटो और हाथीडंगर पर्यटन जोन को दोबारा खोलने की मांग को लेकर पर्यटन कारोबारियों ने शुक्रवार को प्रदर्शन करते हुए प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) को ज्ञापन सौंपा।
जिप्सी चालकों, नेचर गाइडों, वाहन मालिकों और अन्य स्थानीय पर्यटन कारोबारियों का कहना है कि दोनों पर्यटन जोन बंद होने से क्षेत्र की पर्यटन गतिविधियां बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। इससे पर्यटन पर निर्भर लोगों के सामने रोजगार का संकट खड़ा हो गया है और उनकी आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है।
कारोबारियों ने बताया कि पिछले वर्ष फाटो पर्यटन जोन खुला था, लेकिन इस वर्ष बरसात के दौरान इसे बंद कर दिया गया। उन्होंने दोनों पर्यटन जोन को तत्काल खोलने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो वे उच्च अधिकारियों से मिलेंगे और आवश्यकता पड़ने पर धरना-प्रदर्शन भी करेंगे।
इस संबंध में तराई पश्चिमी वन प्रभाग के डीएफओ प्रकाश आर्य ने कहा कि फाटो और हाथीडंगर पर्यटन जोन को निर्धारित प्रक्रिया के तहत वन्यजीवों पर पड़ने वाले तनाव और अन्य पर्यावरणीय परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए बंद किया गया है।
उन्होंने कहा कि पर्यटन कारोबारियों का ज्ञापन प्राप्त हुआ है, जिस पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। आवश्यकता होने पर उच्च स्तर से भी सहमति लेकर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / डी तिवारी