गुलदार के हमलों से सुरक्षा की मांग को लेकर यूकेडी का प्रदर्शन

 


पौड़ी गढ़वाल, 11 जून (हि.स.)। कोट ब्लाक के बाडी गांव में गुलदार को निवाला बनाने के बाद क्षेत्र में दहशत बरकरार है। लगातार हो रहे गुलदार के हमलों पर यूकेडी ने कड़ा आक्रोश जताया है। आज यूकेडी ने जिलाधिकारी कार्यालय मे धरना प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

पौड़ी जिले के बाडी गांव में बीते मंगलवार को गुलदार ने बाडी गांव में 59 साल की बुजुर्ग महिला को निवाला बना दिया था। जिस पर ग्रामीणों व जनप्रतिनिधियों ने मौके पर जाए अफसरों का घेराव कर आक्रोश जताया था। गुरुवार को यूकेडी ने जिलाधिकारी कार्यालय में शासन व प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

कहा कि लगातार गुलदार के हमलों से ग्रामीण अपनी जान गंवाने को मजबूर है। कहा कि प्रदेश के वनमंत्री सुबोध उनियाल ने अभी तक एक भी घटनास्थल का निरीक्षण नहीं किया है जिससे ग्रामीणों में सरकार के खिलाफ आक्रोश बना हुआ है। आरोप लगाया कि जिलाधिकारी ने भी आजतक एक भी घटनास्थल का मुआवना नहीं किया है और नाही पीड़ित परिवार से मुलाकात की। यूकेडी ने आयुक्त गढ़वाल से भी मुलाकात कर इस ओर ठोस रणनीति बनाने की मांग की।

आज यूकेडी के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय में धरना देकर प्रदर्शन किया। इस दौरान यूकेडी के केंद्रीय प्रवक्ता आशुतोष नेगी, केशवानंद आर्य आदि ने कहा कि गढ़वाल वन प्रभाग की विभिन्न रेंजों में आए दिन गुलदार के हमले हो रहे है लेकिन सरकार गुलदार के हमले रोकने के लिए ठोस कदम नहीं उठा रही है। जिससे ग्रामीण अपने घरों में सुरक्षित नहीं है। कहा कि गुलदार पहाड़ी इलाकों में ग्रामीणों के घरों के पास हमला कर रहा है। गुलदार के आतंक से ग्रामीणों का अपने घरों में रहना जोखिम भरा हो गया है। गुलदार के आतंक से ग्रामीण पलायन करने को मजबूर है।

उन्होंने गुलदार के आतंक से निजात दिलाने के लिए सरकार से हर गांव में स्थानीय व्यक्ति को गुलदार को मारने के लिए नियम बनाने की मांग की। उन्होंने मानव वन्यजीव संघर्ष रोकने के लिए सरकार से ठोस कदम उठाने की मांग की। कहा कि जल्द मानव वन्यजीव संघर्ष रोकने लिए ठोस कदम नहीं उठाए जाने पर यूकेडी प्रदेशभर में उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी। प्रदर्शन के बाद यूकेडी ने आयुक्त गढ़वाल से भी मुलाकात कर गुलदार के आतंक से निजात दिलाने के लिए कड़े कदम उठाने की मांग की।

इस मौके पर यूकेडी के यूकेडी के केंद्रीय प्रवक्ता आशुतोष नेगी, जिलाध्यक्ष अर्जुन नेगी, केशवानंद आर्य, गौरव चंदोला, अजय चंदोला, विकास भंडारी, यतेंद्र नवानी, पूनम आदि शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह