कफनौल में पांच करोड़ की पेयजल योजना अधर में
उत्तरकाशी, 21 सितंबर (हि.स.)। नौगांव ब्लॉक के कफनौल गांव में 5.40 करोड़ रुपये की पेयजल योजना दो साल से अधर में लटकी है। वन विभाग की स्वीकृति नहीं मिलने के कारण योजना का निर्माण कार्य आगे नहीं बढ़ पा रहा है। निर्माण सामग्री भी मौके पर पड़ी है। योजना पूरी नहीं होने से ग्रामीणों में आक्रोश है।
कफनौल ग्राम पंचायत प्रधान अनीता पंवार ने जिलाधिकारी को भेजे पत्र में बताया कि गांव में करीब 350 परिवार रहते हैं, लेकिन ग्रामीण पेयजल समस्या से जूझ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित विभाग और ठेकेदार वन विभाग की स्वीकृति नहीं मिलने की बात कहकर जिम्मेदारी से बच रहे हैं।
ग्रामीणों ने समस्या का जल्द समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। प्रधान ने बताया कि 28 सितंबर को कुंवा-कफनौल मोटर मार्ग से सटे यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग के राड़ी टॉप के पास एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी प्रशासन और सरकार की होगी। कफनौल युवा संगठन के पदाधिकारियों ने भी प्रशासन की लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेन्द्र नौटियाल