एसआईआर के द्वितीय चरण की प्रक्रिया में पूरी ताकत से जुटें कार्यकर्ता : गोदियाल
देहरादून, 30 जुलाई (हि.स.)। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने गुरूवार काे पार्टी के सभी बूथ लेवल एजेंट (बीएलए), विधानसभा प्रभारियों, वरिष्ठ नेताओं व कांग्रेस कार्यकर्ताओं से विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के द्वितीय चरण की प्रक्रिया में पूरी सक्रियता एवं जिम्मेदारी के साथ जुटने का आह्वान किया है।
प्रदेश अध्यक्ष गोदियाल ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध एवं निष्पक्ष होना लोकतंत्र की आधारशिला है। ऐसे में एसआईआर के द्वितीय चरण के दौरान प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में सुरक्षित रहे व किसी भी पात्र नागरिक का नाम अनावश्यक रूप से न हटे, इसके लिए कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक पूरी सजगता के साथ कार्य करना होगा।
उन्होंने सभी बीएलए, विधानसभा प्रभारियों व पार्टी पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य पर सतत निगरानी रखें, पात्र मतदाताओं को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएं व यदि किसी मतदाता के नाम के संबंध में कोई आपत्ति अथवा त्रुटि सामने आती है तो उसका तत्काल नियमानुसार निराकरण सुनिश्चित कराने के लिए संबंधित निर्वाचन अधिकारियों से संपर्क करें।
गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध रही है और प्रत्येक पात्र नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से समन्वय बनाकर बूथ स्तर पर प्रभावी कार्य करने तथा निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए एसआईआर अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने विश्वास व्यक्त किया कि पार्टी के सभी कार्यकर्ता लोकतंत्र की मजबूती एवं मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ इस महत्वपूर्ण अभियान में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल